रांची। झारखंड कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दुबे ने कहा है कि डीवीसी पांच हजार करोड़ का बकाया बताकर राज्य के लोगों को बिजली से महरूम कर रही है। सात जिलों में लोड शेडिंग कर लोगों को छह घंटे बिजली दे रही है। इससे रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह सहित सात जिलों के आठ से 10 लाख लोग प्रभावित हैं। होली जैसे पर्व के समय भी लोगों को बिजली नहीं मिली।
डीवीसी द्वारा पांच वर्षो में राज्य सरकार पर बिजली के मद में पांच हजार करोड़ रुपये बकाया बताया जा रहा है। बिजली के मद की यह बकाये की राशि झारखंड की पूर्ववर्ती भाजपा की डबल इंजन की सरकार के पांच साल के कार्यकाल की है। डीवीसी केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे कई राज्यों डीवीसी का बिजली के मद में 20 हजार करोड़ से भी ज्यादा बकाया है, लेकिन वहां डीवीसी द्वारा बिजली में कटौती नहीं की जा रही है। जबकि झारखंड में बिजली की लोड शेडिंग कर जनता को परेशान किया जा रहा है। जबकि प्रधान सचिव ने कहा है कि डीवीसी के बकाये की मांग का आंकलन किया जा रहा है। इसके बाद बकाया का भुगतान कर दिया जायेगा।
बिजली मद में डीवीसी को फिलहाल 200 करोड़ रुपये भुगतान करने रिलिज किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दुबे ने कहा कि डीवीसी द्वारा सरकार को अल्टीमेटम दिया जा रहा है, जो अनुचित है। उन्होंने डीवीसी से आग्रह किया कि राज्य के जिलों में बिजली की कटौती को बंद करे। उन्होंने डीवीसी के रवैये पर कहा कि राज्य के संसाधनों का वह उपयोग कर रहा है, लेकिन राज्य सरकार को वह अल्टीमेटम दे रहा है। उन्होंने राज्य की पूर्ववर्ती भाजपा की सरकार से जानना चाहा कि जब उस समय लोगों ने बिजली के बिल का भुगतान किया तो तत्कालीन सरकार ने क्यों डीवीसी को भुगतान नहीं किया। आने वाली सरकार के उपर बिजली मद की पांच हजार करोड़ रुपये की लैबिलिटी क्यों छोड़ी। यह बकाया झारखंड की पूर्ववर्ती की भाजपा की डबल इंजन की सरकार के समय हुआ था, इसलिए केंद्र की भाजपा गठबंधन की सरकार को इस राशि का भुगतान डीवीसी को करना चाहिए।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस देगी प्रत्याशी
आलोक दुबे ने कहा कि झारखंड में राज्य सरकार के लिए होने वाले चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी देगी। पार्टी आलाकमान जल्द झारखंड से राज्यसभा प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगी। राज्य की कांग्रेस, झामुमो और राजद गठबंधन दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी।