रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ किया है कि झारखंड में किसी भी स्थिति में ‘सिंधिया प्रयोग’ नहीं चलेगा। बुधवार को झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किये जाने के बाद विधानसभा परिसर में उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। हेमंत सोरेन ने मध्यप्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम पर कहा कि भाजपा सिर्फ दिखावे के लिए राजनीतिक शुचिता की बात करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पार्टी राजनीतिक शुचिता की बात करती है, वही पार्टी विधायकों की खरीद-फरोख्त और जनादेश के अपमान जैसी चीजों को आगे बढ़ा रही है। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि आज की राजनीति का स्तर किस ओर जा रहा है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि झारखंड में ऐसी कोशिश करेंगे, तो दूसरा ही दृश्य दिखेगा। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास से कहा कि मेरी हर गतिविधि पर नजर है। हेमंत ने कहा कि यह पहला उदाहरण नहीं है। देश की राजनीति में पहले भी ऐसे कई उदाहरण सामने आये हैं। इसकी मुख्य भूमिका में ज्यादातर भाजपा ही रही है।
सत्ता का दुरूपयोग करती है भाजपा
पत्रकारों के सवालों के जवाब में हेमंत सोरेन ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा जो कर रही है, वह दुखद है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा सत्ता का दुरूपयोग करती है और जनादेश का अपमान करती है। मध्यप्रदेश की जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया था। अब वह जोड़-तोड़ से सत्ता पर काबिज होना चाहती है। झारखंड में यदि उसने ऐसी कोशिश की, तो उसका करारा जवाब दिया जायेगा।
गुरुजी की जीत पक्की
हेमंत सोरेन ने कहा कि गुरुजी का राज्यसभा जाना तय है। आज उन्होंने नामांकन दाखिल किया है। राज्यसभा की दूसरी सीट पर भी महागठबंधन की ओर से उम्मीदवार की घोषणा की जायेगी। उन्होंने कहा कि दूसरा उम्मीदवार कांग्रेस का होगा और इसकी घोषणा दिल्ली से की जायेगी। उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन दोनों सीटें जीतेगा। उसके पास इसके लिए पर्याप्त संख्या बल है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राज्यसभा चुनाव जीतने की राह आसान नहीं है, भले ही उसका उम्मीदवार कोई भी घोषित हो।
Previous Articleज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में, राज्यसभा का टिकट मिला
Next Article झारखंड के एक आइपीएस की है नगालैंड में कोयला खदान
Related Posts
Add A Comment