नयी दिल्ली। ज्योतिरादित्य सिंधिया 18 साल कांग्रेस में रहने के बाद बुधवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलायी। भाजपा ने उन्हें मध्यप्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया है। सिंधिया ने कहा कि मेरे जीवन में दो दिन ऐसे आये, जिन्होंने मेरा जीवन बदल दिया। पहला 30 सितंबर 2001, जिस दिन मैंने अपने पिता को खोया। दूसरी तारीख 10 मार्च 2020, जो उनकी 75वीं वर्षगांठ थी। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि हमारा उद्देश्य जनसेवा होना चाहिए। मेरे पिताजी और मैंने हमेशा इसी पर काम किया। सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अब पहले वाली कांग्रेस नहीं रह गयी है। सिंधिया ने कहा कि कर्जमाफी और रोजगार के मामले पर मध्यप्रदेश सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किये। उन्होंने कहा कि मेरा मन बहुत व्यथित है। कांग्रेस अब वह पार्टी नहीं है, जिसकी स्थापना हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए सिंधिया ने कहा कि देश के इतिहास में शायद किसी को भी इतना बड़ा जनादेश नहीं मिला, जितना कि एक बार नहीं दो बार उनको मिला है।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, आज हम सबके लिए बहुत खुशी का विषय है और आज मैं हमारी वरिष्ठतम नेता दिवंगत राजमाता सिंधिया जी को याद कर रहा हूं।
हरिवंश और रामनाथ ठाकुर को मिला टिकट
पटना। राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश को बिहार से जदयू का राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किया गया है। उनके अलावा पार्टी ने पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर को भी प्रत्याशी बनाया है। हरिवंश पिछली बार भी बिहार से चुने गये थे। उनका कार्यकाल नौै अप्रैल को समाप्त हो रहा है। भाजपा ने पूर्व सांसद डॉ सीपी ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर को उम्मीदवार घोषित किया है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में, राज्यसभा का टिकट मिला
Previous Articleभाजपा ने दीपक प्रकाश को मैदान में उतारा
Next Article झारखंड में नहीं चलेगा ‘सिंधिया प्रयोग’ : हेमंत
Related Posts
Add A Comment