रांची। झारखंड पुलिस का चेहरा अगले एक सौ दिन में बदल जायेगा। पुलिस जो कुछ करेगी, उसका पूरा फायदा झारखंड के लोगों को मिलेगा। झारखंड पुलिस फिलहाल 10 महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर तेजी से कार्रवाई करने वाली है। इनकी सूची थाना से लेकर पुलिस मुख्यालय तक लगायी जायेगी। ,साथ ही आम लोगों से पुलिस की कार्यशैली में परिवर्तन की बाबत सुझाव मांगा जायेगा। डीजीपी का प्रभार लेने के बाद मंगलवार को एमवी राव ने ये बातें मीडिया से बातचीत में कहीं। उन्होेंने कहा कि जन सरोकार के मामले में पुलिस को ज्यादा संवेदनशील होना होगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित जो भी शिकायत मिलेगी, उसकी जांच होगी और कार्रवाई भी होगी। कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया के जरिये अपनी बात रख सकता है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल के लिए वह काम करेंगे। आरक्षी जहां काम करते हैं और जहां रहते हैं, वहां भी उन्हें बेहतर सुविधा मिले, इस दिशा में भी कार्रवाई होगी। डीजीपी ने संकेत दिया कि वे किसी मामले में अब समझौता करनेवाले नहीं हैं। पुलिस को पूरी तरह से जनता के प्रति उत्तरदायी बनाने का वह प्रयास करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि थाना स्तर पर पुलिस को विशेष ध्यान देना होगा। अधिकांश शिकायतें यहीं से जुड़ी होती हैं।
मौके पर एडीजीपी अनिल पाल्टा, आरके मल्कि, मुरारीलाल मीणा, आइजी नवीन कुमार सिंह, सुमन गुप्ता, साकेत सिंह, विपुल शुक्ला, सुधीर कुमार झा, प्रिया दुबे सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।