आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। रामगढ़ में आजसू की जीत के बाद झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखंड, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि रामगढ़ उपचुनाव में आजसू और भारतीय जनता पार्टी गठबंधन ने केवल और केवल अपने स्वार्थ और छल-कपट के बल पर लड़ाई जीती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से एनडीए प्रत्याशी और उनके नेताओं ने भ्रष्टाचार एवं पेन- केन-प्रकारेण कमाये गए। अपने पैसे के बल पर अपनी नाक बचाने की कोशिश की है। उसे झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता भी लंबे समय तक याद रखेगी। लेकिन तिर्की ने यह भी स्पष्ट किया कि रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार के सभी कारणों और जिम्मेदार परिस्थितियों की पहचान के लिये बैठक कर समीक्षा होगी और निर्णय लिये जायेंगे।
कांग्रेस सिद्धांतों पर चलनेवाली पार्टी
तिर्की ने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की हार को हार नहीं कहा जा सकता क्योंकि कांग्रेस भले ही यह चुनावी लड़ाई हार गयी हो लेकिन उसने कभी भी नैतिकता और भ्रष्टाचार के साथ समझौता नहीं किया। रामगढ़ उपचुनाव में कांग्रेस के पास भी यह विकल्प था कि वह अवाछित तत्वों का सहारा लेकर उसी रास्ते पर चलकर जीत की कोशिश करे जिस रास्ते पर चलकर आजसू ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सिद्धांतों पर चलनेवाली पार्टी रही है और यह हमेशा देश एवं झारखण्ड के हितों के साथ ही आम जनता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। कांग्रेस चुनाव जीतने के लिये कभी भी समझौता नहीं कर सकती तिर्की ने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव जीतने के लिये कभी भी समझौता नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव से सीखे गये सबक को न केवल सत्तारूढ गठबंधन यूपीए के विविध घटक दल बल्कि आम जनता भी लंबे समय तक याद रखेगी। तिर्की ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे चुनाव के दौरान कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल एवं अन्य राष्ट्रवादी दल एक साथ रहे वह अपने आप में बहुत बड़ा और सकारात्मक संदेश है।