भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के सुसाइड के बाद हर ओर सनसनी मच गई है। उनकी मौत के बाद तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस पर भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने अपना गुस्सा जाहिर किया है। इसे लेकर उन्होंने एक स्टोरी इंस्टाग्राम पर शेयर की है। इस बार वह आकांक्षा को लेकर गलत खबरें फैलाने वालों से नाराज होती नजर आ रही हैं।
अक्षरा सिंह ने कहा ”कृपया किसी लड़की के मरने के बाद उसे गलत साबित न करें। उसकी जान गयी… उससे ज्यादा यह जरूरी कि वह नशेड़ी थी?… मर गई तो बदचलन… और जिन्दा होके लड़ रही हो अपने लिए तो लड़की बहुत तेज़ है आगे लिखा, किसी चीज़ में चैन नहीं तुम लोग शर्म करो…आपसे ये बातें सुनने के लिए वह अब जीवित नहीं है, लेकिन कम से कम उसके माता-पिता पर तो दया करो।
अक्षरा सिंह कहती हैं, एक बात और, एक लड़की से दूसरी लड़की की बुराई करना बंद कर देना चाहिए। आप लोग एक पल के सुख के लिए उस व्यक्ति को गलत कहते हैं, लेकिन तब आपको यह एहसास नहीं होता कि आप अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार रहे हैं।”
इस बीच, पुलिस आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले की जांच कर रही है। आकांक्षा दुबे की मां ने इसके लिए भोजपुरी सिंगर समर सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। अभिनेत्री की मां मधु ने दावा किया है कि समर और उसके भाई ने अभिनेत्री की हत्या की। समर सिंह रविवार से लापता है। एसीपी सारनाथ ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल चल रही है। आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।