मुंबई। मुंबई इंडियंस के खिलाफ डब्ल्यूपीएल 2023 के अपने पहले मुकाबले से पहले गुजरात जायंट्स को बड़ा झटका लगा है। गुजरात के लिए खेल रहीं वेस्टइंडीज की हरफनमौला खिलाड़ी डियांड्रा डॉटिन डब्ल्यूपीएल 2023 से बाहर हो गई हैं।
डॉटिन चोट से उबर रही हैं और अभी तक अपनी फिटनेस हासिल नहीं कर पाई है। 50 लाख रुपये की बोली शुरू होने के बाद डॉटिन को जायंट्स ने नीलामी में 60 लाख रुपये में खरीदा था। ऑस्ट्रेलिया की किम गर्थ को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया है। दाएं हाथ की यह बल्लेबाज पिछले महीने नीलामी में नहीं बिकी थी। वह दक्षिण अफ्रीका में टी20 विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थीं।
गर्थ ने विश्व कप से पहले केवल दो वार्म-अप मैच खेले थे। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद, वह ऑस्ट्रेलिया चलीं गईं थीं। उन्होंने महिला बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में मेलबर्न स्टार्स के साथ तीन साल का अनुबंध किया है। वह शुक्रवार को जायंट्स की टीम में शामिल हुईं।
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शनिवार रात डब्ल्यूपीएल के पहले मैच में जायंट्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। जायंट्स का नेतृत्व ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी कर रही हैं, जिन्हें विश्व कप फाइनल में 53 गेंद में नाबाद 74 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
गुजरात जायंट्स की टीम: बेथ मूनी (कप्तान), एश्ले गार्डनर, सोफिया डंकले, एनाबेल सदरलैंड, हरलीन देओल, किम गर्थ, स्नेह राणा, एस मेघना, जॉर्जिया वेयरहम, मानसी जोशी, डी हेमलता, मोनिका पटेल, तनुजा कंवर, सुषमा वर्मा, हर्ले गाला, अश्विनी कुमारी, परुणिका सिसोदिया और शबनम शकील।