जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेशााध्यक्ष सांसद सीपी जोशी सोमवार दोपहर 12:15 प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण समारोह में पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित पार्टी के अन्य नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सांसद सीपी जोशी सुबह 11:30 बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंच जाएंगे और उसके बाद 12:15 बजे विधि विधान से पदभार ग्रहण करेंगे।
भाजपा के नए अध्यक्ष सीपी जोशी का दिल्ली से लेकर जयपुर तक कई स्थानों पर कई जगह स्वागत होगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि सीपी जोशी सुबह 7 बजे सड़क मार्ग से दिल्ली से रवाना होंगे, इस दौरान राजस्थान सीमा में प्रवेश करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से शाहजहांपुर बॉर्डर, नीमराणा, बहरोड, कोटपूतली, विराट नगर, पावटा , शाहपुरा, चंदवाजी, आमेर और जयपुर शहर में उनके भव्य स्वागत के कार्यक्रम रखे गए हैं। पदभार ग्रहण करने से पहले सीपी जोशी खोले के हनुमान जी, गोविंद देव जी मंदिर और मोती डूंगरी गणेश मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर भी जाकर पूजा-अर्चना करेंगे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के नए अध्यक्ष सीपी जोशी भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। इसके साथ ही वह लगातार दूसरी बार से चित्तौड़गढ़ से लोकसभा के सांसद चुने गए हैं। उन्होंने 2014 में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की दिग्गज नेता गिरिजा व्यास को चुनाव हराया था। उसके बाद 2019 में उन्होंने चित्तौड़गढ़ से लोकसभा का चुनाव जीता।
सीपी जोशी को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाए जाने के पीछे ब्राह्मण मतदाताओं को साधने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। हाल ही में जयपुर में हुए ब्राह्मण महाकुंभ में सांसद सीपी जोशी भी शामिल हुए थे। दिलचस्प बात तो यह है कि भाजपा के अब तक 15 अध्यक्ष रहे हैं जिनमें से 7 ब्राह्मण अध्यक्ष रहे हैं। इनमें हरिशंकर भाभड़ा, भंवरलाल शर्मा, ललित किशोर चतुर्वेदी, महेश शर्मा, रघुवीर कौशल और अरुण चतुर्वेदी प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने थे।