हजारीबाग। जिले के बरही स्थित लाटी में बुधवार देर रात दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इसमें बरही के एसडीपीओ नाजिर अख्तर समेत कई पुलिसकर्मियों के अलावा दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। मामले को शांत करने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। जैप के जवान को गांव में उतारा गया। गुरुवार को भी पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा। फिलहाल, अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है। हालांकि, स्थिति नियंत्रण में है। एक युवक विक्की ओझा को गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से एक देसी कट्टा और कुछ आग्नेयास्त्र भी बरामद किया गया है।

बताया जाता है कि होली के दिन हमेशा की तरह गांव में बैठकर कुछ युवक ताश खेल रहे थे। इसी बीच उसी गांव के कुछ युवक उनलोगों को होली है कहकर रंग खेलने के लिए उत्तेजित करने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच में कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि मारपीट के साथ पथराव और हिंसक झड़प होने लगी। देखते ही देखते हथियार भी निकल गए।

सूचना मिलते ही पदमा पुलिस भी पहुंची। बात नहीं बनी और एसडीपीओ नाजिर अख्तर को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर आना पड़ा। मामला शांत कराने पहुंची पुलिस को भी झड़प का सामना करना पड़ा। वहां जमकर पथराव हो रहे थे। इसमें एसडीपीओ को चोट लगी। पुलिस के कुछ जवान भी घायल हो गए। जैप के जवान पूरे क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। शरारती तत्वों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version