खूंटी। खूंटी-गुमला जिले के सीमावर्ती क्षेत्र भालूटोली के पास रनिया पुलिस ने रविवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा से लदे एक ट्रक को जब्त किया। पुलिस ने ट्रक से 50 बोरा डोडा बरामद किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक, खलासी और डोडा खरीददार मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब चार बजे खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि भालूटोली क्षेत्र में अवैध डोडा की बड़ी खेप पहुंचाई गई है। सूचना मिलते ही तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने जब इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की तो संदिग्ध लोग पुलिस को देखकर भाग निकले। जांच के दौरान सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया डोडा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक ट्रक भी जब्त किया, जिसमें भी डोडा लदा हुआ था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डोडा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां भेजा जाना था, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक के नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार चालक, खलासी और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version