-मुख्यमंत्री ने एक संवाद कार्यक्रम में रखी अपनी बात

आजाद सिपाही संवाददाता
रांची।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कार्य योजनाएं सिर्फ कागजों पर ही बनायी। हमारी सरकार ने योजनाओं को कागज के साथ-साथ धरातल पर जाकर उतारने का काम कर दिखाया है। ‘सरकार आपके द्वार’ तथा ‘आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत पंचायत-पंचायत गांव-गांव में जाकर हमारी सरकार ने लोगों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा है। पानी, बिजली, सड़क सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास कार्यों में राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शनिवार को रांची स्थित होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।

सरकार ने जीवन यापन के कई द्वार खोले:
मुख्यमंत्री ने कहा है कि वर्तमान सरकार के गठन के कुछ ही दिन हुए थे और वैश्विक महामारी कोरोना वायरस ने देश और दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय ‘सर मुंडवाते ही ओले पड़े’ की कहावत चरितार्थ हुई। हमारी सरकार ठीक तरह से स्थापित भी नहीं हुई थी। हमें जीवन यापन के साथ-साथ जीवन को बचाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ा। हमारी सरकार ने फिर भी काफी धैर्य और संवेदनशीलता के साथ राज्यवासियों के हितार्थ कई कार्य किये। वैसे मजदूर वर्ग जो झारखंड से देश के विभिन्न राज्यों में स्वरोजगार के लिए गये थे, राज्य सरकार ने उन्हें सकुशल घर वापसी करायी। झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य रहा जिसने अपने मजदूर वर्ग को सकुशल वापसी के लिए ऐतिहासिक पहल किया। बस, ट्रेन तथा हवाई मार्ग सहित कई माध्यम से देश के कोने-कोने से मजदूर भाईयों को वापस झारखंड लाने का काम किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी के समय यहां के गरीब, किसान, मजदूर, जरूरतमंद लोगों के लिए हमारी सरकार ने जीवन यापन के कई द्वार भी खोलने का काम किया। स्वरोजगार की कई योजनाएं संचालित की गयी।

विकास की गति को तेज करने का हो रहा है प्रयास:
हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार गठन के बाद से ही हमने बेसिक रूट को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। जिस गति से हमारी सरकार विकास के आयाम को बढ़ा रही है, अगर इसी गति से विकास के कार्य होते रहेंगे तो वह दिन दूर नहीं जब एक-एक झारखंडवासी गौरवान्वित महसूस करेगा। हमारी सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी कई उल्लेखनीय काम किए हैं। पहले बूढ़ा पहाड़ के लोग शहर नहीं देख पाए थे और शहर के लोग बूढ़ा पहाड़ जाने का साहस नहीं दिखा पाते थे। हमारी सरकार ने उस स्थिति को बदलने का कार्य कर दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी से निजात मिलते ही हमारी सरकार ने राज्य में विकास की गति को तेज करने का निरंतर प्रयास किया। झारखंड ग्रामीण क्षेत्रों से घिरा हुआ राज्य है। यहां गरीबी, बेरोजगारी के साथ-साथ कई चुनौतियां हैं जिस पर विशेष कार्य करने की आवश्यकता है। हमारी सरकार ने राज्य में सर्वजन पेंशन स्कीम तथा सरकारी कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम देने का कार्य किया है। राज्य में बूढ़े-बुजुर्ग जनमानस जो अपने उम्र के अंतिम पड़ाव पर हैं, आज वे अपने-आप में सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सरकारी कर्मचारियों की भविष्य की चिंता भी हमारी सरकार ने किया तथा उन्हें ओल्ड पेंशन स्कीम से जोड़ा।

कार्यक्रम में थे मौजूद:
कार्यक्रम में मंत्री मिथिलेश ठाकुर, सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सरफराज अहमद, दीपिका पांडे सिंह, विनोद सिंह, अनूप सिंह, दिनेश विलियम मरांडी, शिल्पी नेहा तिर्की सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version