दुमका में स्पेनिश महिला के साथ दुष्कर्म की घटना पर विधानसभा में हंगामा
रांची। झारखंड की उपराजधानी दुमका में बाइक टूर पर निकली एक स्पेनिश महिला के साथ शुक्रवार की देर रात गैंगरेप की घटना घटी है। यह मामला दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र का है। इस शर्मनाक घटना पर झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन विपक्ष ने जमकर हंगामा किया।
सदन में भाजपा विधायक अमित मंडल ने इस मामले को उठाया। वहीं हंगामा को देखते हुए सदन की कार्रवाई दो बार स्थगित करनी पड़ी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुमका की घटना पर चंपाई सरकार को घेरा। श्री मरांडी ने कहा कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि वहां के सभी पुलिस पदाधिकारी को अभिलंब सस्पेंड कर देना चाहिए।
झारखंड के लिए बेहद शर्मनाक घटना है। उन्होंने कहा कि जब सरकार पुलिस प्रशासन द्वारा लूट खसोट में लगाकर उसे उगाही में लगी रहेगी तो ऐसी घटनाएं पर अंकुश नहीं लग सकता है। कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि ऐसी घटना शर्मशार करने वाली है। दोषी लोगों पर अभिलंब कार्रवाई होनी चाहिए। झारखंड को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। भाजपा विधायक अमित मंडल ने कहा एक बार फिर झारखंड की बदनामी हुई है लूट खसोट की सरकार में महिलाओं का लगातार चीर हरण हो रहा है।