रांची। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भाजपा आर्थिक रूप से कांग्रेस को कमजोर बनाने का सुनियोजित प्रयास कर रही है। पूरे देश की जनता से जुटाए गए पैसे को रोका जा रहा है और कांग्रेस पार्टी के खातों से जबरन पैसा छीना जा रहा है।
गुंजन सिंह ने गुरुवार को जारी बयान में इलेक्टोरल बॉन्ड पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ चुनावी बॉन्ड का मुद्दा है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने असंवैधानिक करार दिया है। चुनावी बॉन्ड से भाजपा को भारी और बड़े पैमाने पर फायदा हुआ है, दूसरी तरफ कांग्रेस की वित्तीय स्थिति पर लगातार हमले हो रहे हैं।
सिंह ने कहा कि हम सभी का मानना है कि यह अभूतपूर्व और अलोकतांत्रिक है। देश में निष्पक्ष चुनाव होना चाहिये। सभी को समान अवसर मिलने चाहिए। सत्ता में बैठे लोगों का संसाधनों पर एकाधिकार नहीं होना चाहिए। भाजपा पार्टी ने चुनावी बॉन्ड के जरिए धन जुटाया, जबकि कांग्रेस पार्टी के खातों से लेनदेन पर रोक लगाकर हमारे लिए उसने चुनाव लड़ने में अड़चन पैदा की।