नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को 94 प्रतिष्ठित कलाकारों (दो संयुक्त पुरस्कार) को वर्ष 2022 और 2023 के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान करेंगी। संस्कृति, पर्यटन और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री, जी. किशन रेड्डी, संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, संस्कृति मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन और संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा इस समारोह में शामिल होंगे।

वर्ष 2022 और 2023 के लिए अकादमी पुरस्कारों के अलावा राष्ट्रपति समारोह में 7 प्रतिष्ठित कलाकारों (एक संयुक्त फ़ेलोशिप) को संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप (अकादमी रत्न) भी प्रदान करेंगी। संगीत नाटक अकादमी फ़ेलोशिप (अकादमी रत्न) प्रदर्शन कला के क्षेत्र में प्रतिष्ठित कलाकार को उसके प्रदर्शन कला में असाधारण योगदान के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। अकादमी की फ़ेलोशिप सबसे प्रतिष्ठित और दुर्लभ सम्मान है, जो किसी भी समय 40 तक सीमित है।

उल्लेखनीय है कि अकादमी पुरस्कार 1952 से प्रदान किए जा रहे हैं। ये सम्मान न केवल उत्कृष्टता और उपलब्धि के उच्चतम मानक का प्रतीक हैं बल्कि निरंतर व्यक्तिगत कार्य और योगदान को भी मान्यता देते हैं। अकादमी फेलो के सम्मान में तीन लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है, जबकि अकादमी पुरस्कार के लिए ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम के अलावा एक लाख रुपये की नकद राशि दी जाती है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version