बिहार। बिहार में महागठबंधन ने सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया है। पटना के राजद आॅफिस में महागठबंधन ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सीट बंटवारे की घोषणा की है। बिहार में राजद 26 और कांग्रेस नौ सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं लेफ्ट के खाते में पांच सीटें आयी हैं। इसमें भाकपा माले को तीन, सीपीआइ को एक और सीपीएम को एक सीट मिली है। सबसे ज्यादा पेंच पूर्णिया सीट को लेकर थी। यह सीट अब राजद के खाते में है। इसकी वजह से पप्पू यादव का पत्ता कट गया है। जदयू से आरजेडी में आयीं बीमा भारती इस सीट पर महागठबंधन की उम्मीदवार होंगी।

औरंगाबाद, गया समेत 26 सीट राजद के खाते में
राजद के खाते में औरंगाबाद, गया, जमुई, नवादा, सारण, पाटलिपुत्र, बक्सर, उजियारपुर, जहानाबाद, दरभंगा, बांका, अररिया, मुंगेर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, मधुबनी, सिवान, शिवहर, वैशाली, हाजीपुर, सुपौल, वाल्मिकीनगर, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, मधेपुरा (सुपौल) और गोपालगंज की सीट आयी है। वहीं कांग्रेस किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, पटना साहिब, सासाराम, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और महाराजगंज से चुनाव लड़ेगी। भाकपा माले (लिबरेशन) को आरा, काराकाट और नालंदा की सीट मिली है। वहीं सीपीआइ को बेगूसराय और सीपीएम को खगड़िया की सीट मिली है।

दिल्ली में तय हुआ फार्मूला, पटना में एलान
दिल्ली में राजद और कांग्रेस नेताओं के बीच 3 दिनों तक मंथन के बाद नियम और शर्तों के साथ फार्मूला तय हुआ है। पटना में आरजेडी दफ्तर में आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, श्याम रजक, उदय नारायण चौधरी और लेफ्ट पार्टियों से धीरेंद्र झा, राम नरेश पांडेय मौजूद थे।

बिहार में सात चरणों में होगा चुनाव
बताते चलें कि बिहार में भी सात चरणों में चुनाव होने वाला है। पहला चरण 19 अप्रैल, दूसरा 26 अप्रैल, तीसरा 7 मई, चौथा 13 मई, पांचवा 20 मई, छठा 25 मई और सातवां एक जून को होगा।

पहला चरण : औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई
दूसरा चरण : किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, बांका और भागलपुर
तीसरा चरण : झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया
चौथा चरण : दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और मुंगेर
पांचवा चरण : सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर
छठा चरण : वाल्मिकी नगर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, महाराजगंज और सीवान
सातवां चरण : पटना साहिब, पाटलिपुत्र, नालंदा, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट, जहानाबाद

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version