रांची। तीन महीने के इंतजार के बाद आखिरकार प्रदेश भाजपा विधायकों ने अपना नेता चुन लिया। गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुन लिया। केन्द्रीय पर्यवेक्षकों की मौज़ूदगी में उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया और इसके साथ ही झारखण्ड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को लेकर चल रहा संशय समाप्त हो गया।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र प्रधान और सांसद के लक्ष्मण ने प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में बताया कि गुरुवार को वे दोनों रांची आये। कार्यालय में ही सभी विधायकों की बैठक हुई। इसमें वरिष्ठ विधायक नवीन जायसवाल, राज सिन्हा, नीरा यादव और प्रकाश राम ने बाबूलाल के नाम का प्रस्ताव दिया। इस पर सभी विधायकों ने सहमति दिखाई। अब बाबूलाल औपचारिक तौर पर विधायक दल के नेता हैं। पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को झारखंड में भी साकार करने में वे नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी भूमिका निभाएंगे। मौके पर उन्होंने बाबूलाल को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर नये दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। बाबूलाल ने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी विधायकों, नेताओं का आभार जताया।