लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ठाकुर ने कहा कि भारत एक हिन्दू राष्ट्र है। हिन्दू एक विचार है, एक पद्धति है। व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण की प्रक्रिया संघ ने आरंभ की और इसके लिए शाखा शुरू हुई। व्यक्ति निर्माण का कार्य दैनिक शाखा के माध्यम से आज करते हैं।

नरेंद्र कुमार ठाकुर शनिवार को श्रीगुरु वशिष्ठ न्यास के तत्वावधान में आयोजित श्रीराम परिषद कार्यक्रम के दूसरे सत्र को संबोधित कर रहे थे। नरेंद्र कुमार ने ‘भारत यात्रा के सौ वर्ष’ विषय पर कहा कि संघ में गीत गाते हैं, देश हमें देता है सबकुछ हम भी तो कुछ देना सीखें, इस भाव से हम सभी स्वयंसेवक कार्य कर रहे हैं। अब अच्छे नागरिक हमने तैयार किए तो उनसे अपेक्षा है, वह समाज में अच्छे कार्य करें। समाज की समस्या का निदान करना स्वयंसेवक का कार्य है। संघ शताब्दी को ध्यान में रखकर हम कार्य कर रहे हैं तो समाज में परिवर्तन के लिए भी कार्य कर रहे हैं। समाज का परिवर्तन होगा, तभी देश-राष्ट्र का परिवर्तन होगा।

उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों की एक संस्था सक्षम कार्य करती है। वहां स्वयंसेवकों ने अंधता दूर करने का संकल्प किया है। इस बार महाकुंभ में लोगों के आंखों की जांच के लिए सक्षम ने नेत्रकुंभ का आयोजन किया। कुंभ प्रारंभ होने से पहले उन्होंने दो सौ अस्पतालों से बात की, ऐसे सैकड़ों लोगों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराया। संघ का शताब्दी वर्ष है तो पांच वर्षों से हम योजना-रचना बना रहे हैं। बस्ती तक जाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए भी सभी स्वयंसेवक लगे हुए हैं। संघ ने पंच प्रण लिया है। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, स्व आधारित जीवन शैली जैसे स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य पर हमारी योजना रचना कर चुके हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version