मांडर कॉलेज मैदान में प्रगतिशील महिला सम्मान समारोह का आयोजन
-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं से अन्याय न सहने की अपील की
मांडर। मांडर कॉलेज मैदान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आज एक बार फिर आधी आबादी ने अपनी ताकत का अहसास कराया। प्रगतिशील महिला सम्मान समारोह में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अन्याय और अत्याचार को चुपचाप सहने और देखने को भी अन्याय की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि आज आधुनिक भारत की महिलाएं अब घर की चौखट को लांघ कर अपने हक-अधिकार और खुद पर हो रहे जुल्म के खिलाफ लड़ने को तैयार हैं। आज जरूरत है कि महिलाएं एक दूसरे की ताकत बनें और जरूरत पड़ने पर संगठित हो कर अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ने को तैयार रहें। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में हमेशा से महिलाओं की भागीदारी ने चौंकाया है। कई महिलाएं हैं जो गांव-पंचायत में बेहतर काम कर रही हैं। ऐसी महिलाओं का सम्मान जरूरी है। आज समाज में 80 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं अपना योगदान दे रही हैं। मैंने अच्छा काम करने वाली महिला अधिकारियों को भी सबसे ज्यादा महत्व दिया है। यही वजह है कि चान्हो/लापुंग / बेड़ो प्रखंड कार्यालय में महिला अधिकारी काम करती हुई दिख जायेंगी। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि होली से पहले मिलने जा रही है। सम्मान राशि 2500 रुपये का निवेश बेहतर तरीके से करें और लखपति दीदी कैसे बनें उस पर जोर देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग से जिस भी योजना की जरूरत है विभाग का दरवाजा सदैव खुला है।

संघर्ष और जीत की प्रतीक हैं महिलाएं : के राजू
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने अपने संबोधन में महिला को संघर्ष-जीत और आकांक्षा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश की महिलाओं ने झारखंड के गांव में आकर महिला समूह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आंध्र प्रदेश की महिलाओं ने शराब के खिलाफ सबसे पहले लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया था। शराबबंदी के नाम पर सबसे पहले महिलाओं की गोलबंदी हुई। उस वक्त वो खुद उस जिला के अधिकारी थे। एक गांव से शुरू हुए शराबबंदी आंदोलन से प्रभावित हो कर एक हजार के करीब गांवों में शराब पीने पर पाबंदी लग गयी। महिला समूह की हर माह बैठक होनी जरूरी है। झारखंड में 2500 रुपये महिला सम्मान के तौर पर मिल रहा है। इस राशि का उपयोग बेहतर तरीके से करें। राशि का बचत कर अपने बच्चे को बेहतर शिक्षा और परिवार के विकास में अपना योगदान दे सकते हैं।

कांग्रेस ने महिलाओं को सबसे ज्यादा सम्मान दिया : डिसूजा
महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि आज जो मंच के नीचे भीड़ में बैठी हुई महिला हैं वो कल इस मंच पर होंगी। वो अपने काम की बदौलत ये मुकाम हासिल कर सकती हैं। उन्होंने मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के पिता बंधु तिर्की को प्राउड फादर के नाम से संबोधित किया। कांग्रेस ने महिलाओं को सबसे ज्यादा सम्मान दिया है। पहले लोग कहते थे कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से किसको लाभ मिलेगा। आज राजनीति के मैदान में महिलाओं की उपस्थित उसका जवाब है। उन्होंने कहा कि महिलाएं मल्टी टास्किंग होती हैं। एक महिला दूसरी महिला को सम्मान देते हुए आगे बढ़े, ये आज की जरूरत है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि आज महिलाओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ राजनीतिक दखलंदाजी जरूरी है। झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से 4 मंत्री में से 2 महिला मंत्री हैं।

परिवार के साथ समाज की जिम्मेदारी भी महिलाओं के कंधों पर : बंधु तिर्की
पूर्व मंत्री सह प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि हर साल ये सम्मान महिलाओं को देने का काम करते है। घर की चौखट से बाहर निकल कर अलग-अलग क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं को मैं सलाम करता हूं। परिवार के साथ समाज को आगे बढ़ाने के लिए कंधा से कंधा मिला कर चलने की जरूरत है। सब मिलकर बेहतर गांव बेहतर पंचायत का निर्माण कर सकते हैं। प्रगतिशील महिला सम्मान समारोह में अलग-अलग क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसमें अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज लक्ष्मी नारायण मांझी , अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लवली चौबे भी मुख्य रूप से शामिल थीं। इस मौके पर महिला समूह की भूमिका , समाज में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार सहित सामाजिक कुरीतियों पर आधारित नाटक की प्रस्तुति भी की गयी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version