वेटिकन सिटी। होली सी प्रेस कार्यालय ने शनिवार सुबह कहा कि पोप फ्रांसिस रात अच्छी नींद सोये और आराम कर रहे हैं। उन्होंने सुबह अच्छा महसूस किया। इससे पहले शुक्रवार शाम उन्हें सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई थी।

होली सी प्रेस कार्यालय के संक्षिप्त बयान में कहा गया, “एक शांत रात के बाद पोप आराम कर रहे हैं।” शुक्रवार शाम को बयान में कहा गया था कि ब्रोंकोस्पजम के बाद पोप फ्रांसिस की श्वसन स्थिति खराब हो गई। पोप को फौरन गैर-आक्रामक यांत्रिक वेंटिलेशन की सहायता से सामान्य स्थिति में लाया गया। 88 वर्षीय पोप फ्रांसिस को श्वसन तंत्र में संक्रमण के बाद 14 फरवरी से रोम के जेमेली अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उनका डबल निमोनिया का इलाज चल रहा है।

द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, पोप फ्रांसिस ब्रोन्कियल संकट से पीड़ित हैं। वह सांस लेने में मदद करने के लिए मास्क का उपयोग कर रहे हैं। उन्हें खांसी के दौरे के बाद उल्टी करनी पड़ी। मेडिकल साइंस की भाषा में ब्रोन्कोस्पाज्म तब होता है जब ब्रोन्कियल लाइन ( फेफड़ों में वायुमार्ग) की मांसपेशियां कस जाती हैं। इसके परिणामस्वरूप घरघराहट, खांसी और अन्य लक्षण होते हैं। कई चीजें ब्रोन्कोस्पाज्म का कारण बन सकती हैं। इनमें अस्थमा प्रमुख है। इसे आमतौर पर ब्रोन्कोडायलेटर्स से नियंत्रित किया जाता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version