जमशेदपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर समाज में बढ़ती चर्चाओं के बीच जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि एआई एक सेवक की तरह है, न कि मालिक की तरह। इसे कभी भी मानव का मार्गदर्शक या निर्णयकर्ता नहीं बनने देना चाहिए, अन्यथा यह गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है। उन्होंने एआई को एक औजार के रूप में इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
सोमवार को साकची स्थित एक डिजिटल शिक्षण संस्थान के उद्घाटन के दौरान सरयू राय ने कहा कि आज का युग तकनीकी विकास का है और बच्चों को एआई की सही जानकारी देना बेहद जरूरी है। जब विद्यार्थी इस तकनीक को समझेंगे, तभी वे अपनी क्षमता का बेहतर उपयोग कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संस्थान में विद्यार्थियों को एआई की विशेषताओं और इसके सही उपयोग के बारे में विस्तार से पढ़ाया जाएगा।
रांची स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट के साथ समझौते के तहत साकची में इस अध्ययन केंद्र की शुरुआत की गई है। विधायक ने कहा कि एआई को लेकर समाज में अक्सर अनावश्यक भय पैदा हो जाता है, जबकि इसे केवल एक इंस्ट्रूमेंट के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने लोगों से इसके उपयोग में दक्ष बनने और इसका लाभ शिक्षा एवं समाज के क्षेत्र में लेने की अपील की।



