जामताड़ा। जामताड़ा जिले में अवैध खनन और कोयले के काले कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त के निर्देश पर गठित विशेष टास्क फोर्स ने सोमवार शाम छापेमारी कर करीब 5 टन अवैध कोयला जब्त किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में डर का माहौल बन गया है।
यह छापेमारी माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम ने नाला विधानसभा क्षेत्र के बिंदा पत्थर थाना अंतर्गत सोरेन पारा इलाके में कार्रवाई की। प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयला जमा किया गया है और उसे बाजार में खपाने की तैयारी चल रही है।
सूचना के आधार पर टास्क फोर्स ने औचक छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में कोयला बरामद हुआ। जब्त किए गए कोयले को ट्रैक्टरों के माध्यम से सुरक्षित रूप से थाना परिसर में लाया जा रहा है। प्रशासन अब इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान करने में जुट गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



