रांची। धनबाद के चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह से रांची स्थित प्रवर्तन निदेशालय (इडी) कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। इडी द्वारा जारी समन के अनुपालन में वह आज पूछताछ के लिए हाजिर हुए हैं। बता दें कि कोयला घोटाले में छापेमारी और कुछ कोयला व्यापारियों से पूछताछ के बाद मिले तथ्यों के आधार पर इडी ने एलबी सिंह को नोटिस जारी किया था।
पहली बार नोटिस मिलने पर एलबी सिंह ने बीमारी का हवाला देते हुए समय मांगा था। इसके बाद इडी ने उन्हें नौ मार्च को हाजिर होने के लिए फिर से समन जारी किया। इसी समन के तहत वह आज रांची स्थित इडी कार्यालय पहुंचे। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इडी के अधिकारियों ने कोयला घोटाले और उनकी व्यापारिक गतिविधियों के सिलसिले में पूछताछ शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इडी पिछले कुछ समय से कोयला घोटाले से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। इसी क्रम में कई कोयला व्यापारियों से पूछताछ की जा चुकी है। अब एलबी सिंह के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई इससे मिले सुरागों पर निर्भर करेगी।



