पूर्वी सिंहभूम। शहर में सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत फैला दी। पहली घटना बर्मामाइंस के मिल एंड गोदाम क्षेत्र में तड़के करीब चार बजे हुई, जहां इम्तियाज खान के लकड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। गोदाम में तैनात गार्ड ने समय रहते धुआं और लपटें देखकर मालिक को सूचना दी, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
सूचना मिलते ही आग तेजी से फैल गई। मौके पर टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड और झारखंड अग्निशमन विभाग की टीमें पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग मुख्य रूप से लकड़ी तक सीमित रही, जिससे गोदाम में रखी मशीनें सुरक्षित बच गईं। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहीं दूसरी घटना मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर-2 स्थित गांधी मैदान के बाहर सोमवार देर रात हुई। फुटपाथ पर लगी मधु नामक युवक की सब्जी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई, जिसमें रखी सब्जियां और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। सूचना पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि इस इलाके में पहले भी फुटपाथ दुकानदारों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे आगजनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

