पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार सुबह खंडामौदा चौक के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गामारिया पंचायत के मालहुआ (राजबांध) गांव निवासी युगल माईती के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार युगल माईती रोज की तरह सोमवार सुबह अपने घर से दूध देने के लिए निकले थे। वे साइकिल से सड़क किनारे पहुंचे और साइकिल खड़ी कर पैदल ही राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे थे। इसी दौरान बहरागोड़ा से कोलकाता की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि युगल माईती उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत एनएच एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।



