रांची। राजधानी के रातू इलाके के पाली में जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया है। तीन दिन पहले हटिया के रिहायशी इलाके में घुस आए उसी हाथी ने शनिवार को रातू में एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला और दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में सुबोध खलखो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रौशन खलखो गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाथी के अचानक इलाके में घुसने से लोगों में खौफ फैल गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि झारखंड में पिछले एक महीने में हाथियों के हमलों में दो दर्जन से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार ग्रामीण और रिहायशी इलाकों में हाथियों के आने से जान-माल का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से संयम बरतने की अपील कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों के आतंक से वे दहशत में हैं और सरकार से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

