रांची। रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भाजपा नेता अनिल पाण्डेय के आवास के बाहर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग और पत्थरबाजी हुई। इस पूरी घटना की जड़ 24 मार्च को ओटीसी ग्राउंड में क्रिकेट खेलने के दौरान हुई मामूली कहासुनी को बताया जा रहा है, जिसने देखते ही देखते एक बड़े विवाद का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, खेल के दौरान हुए विवाद में अनिल पाण्डेय के बेटे मंतोष पाण्डेय के दोस्तों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसी का बदला लेने की नीयत से मधुकम निवासी आर्यन मेहता और मोनू खलखो अपने साथियों के साथ विकास नगर पहुंचे और भाजपा नेता के घर पर धावा बोल दिया। वारदात की शुरूआत दोपहर करीब सवा एक बजे हुई, जब ओटीसी ग्राउंड के पास खड़े दिव्यांशु मिश्रा नामक व्यक्ति पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला किया और उसके बाद फायरिंग शुरू कर दी।

भाजपा नेता अनिल पाण्डेय का दावा है कि हमलावरों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं और जमकर पथराव किया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, कुछ स्थानीय सूत्रों का कहना है कि हमले के जवाब में भाजपा नेता की ओर से भी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की गई। इस हिंसक टकराव के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और कोतवाली डीएसपी सहित भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही, मंतोष पाण्डेय और उनके साथियों से भी पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए सवाल-जवाब कर रही है। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया है कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version