इराक के पास तेल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर हमला, एक भारतीय की मौत
नयी दिल्ली। इराक के बसरा के पास अमेरिका के स्वामित्व वाले कच्चे तेल के टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर ईरान द्वारा किये गये हमले में चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गयी है। बगदाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, जहाज पर मौजूद चालक दल के बाकी 15 भारतीय सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। ईरानी सरकारी प्रसारक के मुताबिक, ईरान ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि फारस की खाड़ी में एक अंडरवॉटर ड्रोन हमले में दो तेल टैंकर तबाह हुए हैं। हमले का शिकार हुए जहाजों में माल्टा के झंडे वाला ‘जेफिरोस’ और मार्शल आइलैंड के झंडे वाला ‘सेफसी विष्णु’ शामिल है। ‘सेफसी विष्णु’ का मालिकाना हक अमेरिका की ‘सेफसी ट्रांसपोर्ट इंक’ के पास है, जबकि ‘जेफिरोस’ का मालिक ग्रीस में स्थित है। वहीं, सीएनएन की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विस्फोटकों से लदी एक ‘सुसाइड’ ईरानी नाव ने इन जहाजों को टक्कर मारी होगी, जिसकी जांच अभी जारी है। इसके अलावा, वङ मैरीटाइम ट्रेड आॅपरेशंस के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन अन्य कमर्शियल जहाज भी अज्ञात प्रोजेक्टाइल (गोला-बारूद) का शिकार हुए हैं।

तनाव के बीच भारत का रुख
‘सेफसी विष्णु’ कंपनी ने इस घटना पर दुख जताते हुए भारत सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग की है। कंपनी का कहना है कि दुनिया के कुल नाविकों में 15 प्रतिशत भारतीय हैं, जो ऐसी घटनाओं में क‘कोलैटरल डैमेज’ (अकारण शिकार) बन सकते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि इस्राइल और दुबई में हुए हमलों में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में फंसे भारतीयों की मदद के लिए भारतीय दूतावास लगातार वहां की सरकारों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता दी जा रही है।
क्षेत्र में जारी है जंग

अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग अब 12वें दिन में प्रवेश कर गयी है। अमेरिका का दावा है कि उसकी सेना ने इस जलडमरूमध्य में ईरान के 16 माइन-लेइंग (बारूदी सुरंग बिछाने वाले) जहाजों को खत्म कर दिया है। ईरान ने पहले ही धमकी दी थी कि वह इस रास्ते से गुजरने वाले किसी भी जहाज को आग लगा देगा। इस तनाव के चलते समुद्री ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है और वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं।

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version