नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच इजरायल ने बड़ा दावा किया है। इजरायली एयरफोर्स (IAF) ने कहा है कि शनिवार को अमेरिका और इजरायल की तरफ से की गई स्ट्राइक के पहले दिन ईरान के कई सीनियर इंटेलिजेंस अधिकारी मारे गए। इजरायल के एयरफोर्स ने बताया कि इसमें इंटेलिजेंस के डिप्टी मिनिस्टर सईद याह्या हामिदी की भी मौत हो गई।

हामिदी पर ईरान और विदेशों में यहूदियों, वेस्टर्न एक्टर्स और सरकार के विरोधियों को निशाना बनाने वाली आतंकी गतिविधियों को लीड करने का आरोप है। वहीं, इंटेलिजेंस अफेयर्स मिनिस्ट्री के एस्पियोनाज डिवीजन के प्रमुख जलाल पोर हुसैन की भी मौत हो गई है।

इजरायल एयरफोर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि आईडीएफ की सटीक इंटेलिजेंस के आधार पर ऑपरेशन ‘रोरिंग लायन’ के शुरुआती हमले के दौरान इन अधिकारियों को निशाना बनाया गया। आईएएफ ने तेहरान स्थित मिनिस्ट्री के हेडक्वार्टर पर भी हमला किया।

बता दें कि अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत हो चुकी है और ईरान लगातार पलटवार कर रहा है। नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि आने वाले दिनों में इजरायल अपने हमले और भी तेज करेगा। अमेरिकी सेंट्रल कमान ने बताया कि अब तक एक हजार से अधिक ईरानी ठिकानों पर हमले किए जा चुके हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version