काठमांडू। नेपाल में प्रतिनिधि सभा के प्रत्यक्ष चुनाव के तहत 161 निर्वाचन क्षेत्रों में मतों की गिनती जारी है, लेकिन भौगोलिक स्थिति और मौसम संबंधी कठिनाइयों के कारण चार निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक मतों की गिनती शुरू नहीं हो सकी है। निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता सुमन घिमिरे ने बताया कि दूरदराज़ क्षेत्रों से मतपेटिकाएँ मुख्य स्थान तक पहुँचाने में हो रही कठिनाई के कारण गिनती में देरी हुई है।
जिन निर्वाचन क्षेत्रों में अभी तक मतगणना शुरू नहीं हुई है, उनमें संखुवासभा-1, गोरखा-1, मुगु-1 और धनुषा-1 शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार संखुवासभा-1 की मतपेटिकाएँ पहुँच चुकी हैं और सभी दलों की बैठक के बाद शाम से गिनती शुरू होगी। गोरखा-1 में दूरस्थ क्षेत्रों से मतपेटिकाएँ सेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से लायी जा रही हैं।
मुगु-1 में मतपेटिकाएँ पहुँचने के बाद ही गिनती शुरू होगी। वहीं धनुषा-1 में सबसे दिलचस्प स्थिति है, जहाँ राजनीतिक दलों के बीच विवाद के कारण पिछले 36 घंटों से गिनती ठप है। यहाँ पर पहले गिनती शुरू हो चुकी थी लेकिन दलों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण प्रक्रिया रुकी हुई है। प्रशासन शीघ्र ही गिनती शुरू कराने का प्रयास कर रहा है।



