रंगदारी वसूली की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग और बम से हमला,
-जवाबी कार्रवाई में सुदीश ओझा को लगी गोली; एक आरोपी फरार
धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक शूटर सुदीश ओझा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार सरायढेला थाना क्षेत्र में जैप-3 के फायरिंग रेंज के पास प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों द्वारा रंगदारी वसूली के लिए पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।
घेराबंदी के दौरान खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोलीबारी में सब-इंस्पेक्टर बालमुकुंद के हाथ में गोली लग गई। बताया जाता है कि अपराधियों के पास दो बम भी थे, जिनमें से एक बम पुलिस की ओर फेंका गया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें गिरोह का शूटर सुदीश ओझा गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल पुलिसकर्मी को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक जिंदा बम बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इधर विशेष सूत्रों के अनुसार ईलाजरत अपराधी की मौत होने की खबर हैं।
कई मामलों में वांछित था आरोपी
पुलिस के मुताबिक सुदीश ओझा लंबे समय से कई आपराधिक मामलों में वांछित था और प्रिंस खान गिरोह के लिए काम करता था। उस पर रंगदारी वसूली समेत कई संगीन मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं।
विदेश से गिरोह चला रहा है प्रिंस खान
पुलिस का कहना है कि कुख्यात अपराधी प्रिंस खान विदेश में रहकर झारखंड में अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। धनबाद, जमशेदपुर और रांची समेत कई जिलों में उसके गुर्गे सक्रिय हैं। वह फोन के जरिए व्यवसायियों से रंगदारी की मांग करता है और रकम नहीं मिलने पर अपने शूटरों के माध्यम से फायरिंग या धमकी दिलाकर दहशत फैलाने की कोशिश करता है।
एसएसपी ने कहा..
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस को रंगदारी वसूली की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान अपराधियों ने पहले पुलिस पर हमला किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ है और दूसरा भागने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है।
