रांची। राजधानी रांची में सोमवार रात एक दुर्लभ प्रजाति के सांप रेड सैंड बोआ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। यह घटना रांची एयरपोर्ट के सामने रात करीब 9 बजे की है, जब स्थानीय लोगों की नजर इस सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गयी, जिसके बाद तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि न तो सांप को कोई नुकसान पहुंचे और न ही आसपास मौजूद लोगों को किसी तरह का खतरा हो। सफल रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित रूप से जू भेज दिया गया, जहां विशेषज्ञ उसकी निगरानी करेंगे। जानकारी के अनुसार, रेड सैंड बोआ एक बेहद दुर्लभ प्रजाति का सांप है, जो मुख्य रूप से राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों और उत्तर प्रदेश-राजस्थान सीमा क्षेत्र में पाया जाता है।

हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में भी यह कभी-कभार दिखाई दे जाता है, लेकिन इसकी संख्या काफी सीमित मानी जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह सांप पर्यावरणीय संतुलन बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह छोटे जीवों जैसे चूहों, छिपकलियों और अन्य जीवों का शिकार करता है, जिससे उनकी आबादी नियंत्रित रहती है। इसलिए ऐसे सांपों का संरक्षण पारिस्थितिकी तंत्र के लिए बेहद जरूरी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version