काठमांडू। नेपाल सरकार ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देश में चल रहे सभी बेटिंग ऐप और वेबसाइट को 24 घंटे के भीतर बंद करने का निर्देश दिया है। मंत्रिपरिषद की सुशासन सुधार कार्यसूची के तहत संचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सभी इंटरनेट सेवा प्रदायक कंपनियों को यह आदेश जारी किया है।
नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण ने मंत्रालय के निर्णय के बाद इंटरनेट सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय कर अब तक पहचाने गए सभी सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को बंद करा दिया है। मंत्रालय के प्रवक्ता उदय बहादुर रानामगर ने बताया कि वर्तमान कानून के तहत सट्टेबाजी करना, करवाना या इसके विज्ञापन को बढ़ावा देना पूरी तरह गैरकानूनी है। कानूनी प्रावधानों के अनुसार, सट्टेबाजी में शामिल व्यक्तियों की संपत्ति जब्त की जा सकती है। साथ ही, उन्हें एक वर्ष तक की कैद और 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।
सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध बेटिंग ऐप और वेबसाइट का उपयोग न करें। यदि कहीं इस तरह की गतिविधियां देखी जाएं, तो नेपाल दूरसंचार प्राधिकरण के उपनिदेशक सूर्यप्रसाद लामिछाने से संपर्क कर इसकी सूचना दें। यह कदम बढ़ते ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार पर लगाम लगाने और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



