गुमला। झारखंड के गुमला जिले में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। एक ओर प्रशासन लगातार यह दावा कर रहा है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर आम लोग आपूर्ति में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतर आए हैं।

समाहरणालय के समीप बड़ी संख्या में लोगों ने गैस सिलेंडर की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उनका आरोप है कि जमीनी स्तर पर वितरण व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित है।

लोगों ने बताया कि आने वाले त्योहारों जैसे ईद और सरहुल को देखते हुए उनकी चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि घरों में गैस खत्म होने की स्थिति बन रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत ने स्पष्ट कहा कि गुमला जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में अधिक मात्रा में आपूर्ति की जा रही है और घर-घर वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

वहीं, उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने भी अधिकारियों के साथ कई बैठकें कर गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर नियमित मॉनिटरिंग और समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा है।

प्रशासन का कहना है कि लोगों में फैली आशंका और अफवाहों के कारण ही ऐसी स्थिति बन रही है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें, क्योंकि सभी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version