धनबाद: नीरज सिंह के हत्यारे को फांसी दो, सीआइडी जांच पर विश्वास नहीं, सीबीआइ जांच हो, नीरज हत्याकांड के दोषियों को कड़ी सजा मिले, नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी हो, नीरज हत्याकांड में न्याय चाहिए, नीरज हत्याकांड में इंसाफ हो-जैसे स्लोगन लिखे तख्तों के साथ नीरज सिंह के समर्थकों ने सोमवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय महाधरना दिया। पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या की सीबीआइ जांच और दोषियों को फांसी की मांग को लेकर धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर अपार जनसमूह उमड़ पड़ा था। चिलचिलाती धूप और उमस भड़ी गर्मी के बाबजूद अपने हाथों में स्लोगन लिखी तख्ती और चेहरे पर आक्रोश लेकर लोग नीरज सिंह की हत्यारे को फांसी की मांग कर रहे थे। लोगों के चेहरे पर जहां नीरज सिंह के लिए करुणा और वेदना थी। वहीं झरिया विधायक संजीव सिंह, धनबाद पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ गुस्सा और विद्रोह की भावना साफ झलक रही थी।
इस महाधरना में कांग्रेस के तमाम बड़े नेता समेत मासस एवं जनता मजदूर संघ के हजारों की संख्या में कार्यकर्ता चिलचिलाती धूप में धरना स्थल पर जमे हुए थे। निरसा विधायक अरुप चटर्जी, पूर्व विधायक ओपी लाल, पूर्व मंत्री बच्चा सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह, पूर्व वियाडा अध्यक्ष विजय झा, अजब लाल शर्मा, मनोज सिंह, नीरज के भाई डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह समेत कांग्रेस, मासस और जमसं बच्चा गुट के कार्यकर्ता नीरज हत्याकांड की जांच को ठंडे बस्ते में डालने का आरोप जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर लगा रहे थे। महाधरना के दौरान सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बच्चा सिंह ने कहा कि इस हत्याकांड की सीबीआइ जांच होनी ही चाहिए। आरोप लगाया कि नीरज सिंह की हत्या की घटना को लेकर राज्य सरकार गंभीर नहीं है। कहा यदि सीबीआइ से जांच नहीं की गयी तो इसको लेकर रणनीति तैयार की जायेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि सीआइडी का मतलब लीपापोती। महाधरना के बाद कांग्रेस, जमसं, मासस के प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद डीसी ए दोड्डे से मिलकर सीबीआइ जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दरम्यान सैकड़ों की संख्या में समर्थक तथा कांग्रेस के नेता डीसी कार्यालय के बाहर मौजूद रहे। नीरज हत्याकांड की जांच सीबीआइ से हो, दोषियों को फांसी मिले को लेकर जिस तरह से धनबादवासियों ने गोलबंदी दिखायी है, वह काबिलेतारीफ है। अब देखना यह है की क्या पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या में सीबीआइ जांच होती है या नहीं? या फिर ये मामला भी लीपापोती होकर रह जायेगा। वैसे नीरज हत्याकांड के साथ रंजय सिंह हत्याकांड की जांच भी यदि सीबीआइ से हो तो दो हत्याकांड से पर्दा उठ सकता है। होगा क्या, यह तो भविष्य के गर्भ में है। फिलवक्त इतना जरुर कहा जा सकता है कि नीरज सिंह हत्याकांड की सीबीआइ जांच को लेकर सत्तारुढ़ भाजपा के खिलाफ विरोधी गोलबंद हैं।
तमाशबीन बनी धनबाद की पुलिस : बक्सी
मासस के एसके बक्सी ने कहा कि धनबाद की पुलिस नपुंसक हो गयी है। हत्यारा बीच सड़क पर अंधाधुंध गोली चलाकर हत्या करता है और पुलिस तमाशबीन बनी रहती है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जल्द से जल्द सीबीआइ का जांच होनी चाहिए।
अब तक आंखों से आंसू नहीं छलके: एकलव्य
नीरज सिंह के छोटे भाई डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह ने कहा कि अब तक आंखों से आंसू नहीं छलके हैं। यह आंसू तभी बहेगा जब भैया के हत्यारे को फांसी की सजा होगी। आरोप लगाया कि सीएम रघुवर दास ने तीन दिनों में मामले को सुलझा लेने की बात कही थी। ताकी गरम माहौल को शांत किया जा सके। कहा, सीआइडी जांच पर भरोसा नहीं है।
पुलिस दिखी मुस्तैद
महाधरना में उमड़ जनसैलाव को देखते हुए जिला प्रशासन की तैयारी पूरी थी। जगह जगह जवानों की तैनाती से माहौल पूर्णत: शांत रहा। कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। महाधरना के दौरान पुलिस और आमजन में सहभागिता भी दिखी। पुलिस ने रणधीर वर्मा चौक और सिंह मेंशन की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया था।
सिंह मेंशन में भी उमड़े समर्थक
एक तरफ जहां नीरज सिंह हत्याकांड की जांच सीबीआइ से कराने की मांग को लेकर जनसमूह उमड़ पड़ा था। वहीं दूसरी तरफ सिंह मेंशन और झरिया विधायक संजीव सिंह के समर्थक संजीव के समर्थन में सिंह मेंशन में उमड़ पड़े थे। जनता मजदूर संघ कुंती गुट के हजारों मजदूर सिंह मेंशन पहुंच संजीव सिंह के समर्थन में खड़े दिखे। सिंह मेंशन समर्थकों ने उपस्थिति दर्ज करा कर यह जताया कि वे सभी सिंह मेंशन और संजीव के साथ हैं।
मंत्री सरयू राय पहुंचे सिंह मेंशन और रघुकुल
धनबाद। नीरज सिंह हत्याकांड के 20 दिन बाद मंत्री सरयू राय रघुकुल पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक नीरज सिंह के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। साथ ही कहा कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात करेंगे, ताकि मामले की जांच जल्द पूरी हो सके। इससे पहले सरयू राय सिंह मेंशन भी गये और वहां विधायक संजीव सिंह से मुलाकात की।