सरायकेला: चांडिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को ग्रामीणों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दरअसल, रात में गायब हुई एक बच्ची युवक के घर में बालू के ढेर में गर्दन तक दबी अवस्था में पायी गयी थी। इसके बाद लोगों ने आरोपी के घर को भी तोड़ डाला। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। घटना सुकसारी गांव की है। यहां 5 साल की बच्ची बीती रात अपनी दादी के साथ सो रही थी। इसी बीच वह गायब हो गयी। बच्ची की मां की नींद खुली, तो बच्ची को बिस्तर पर ना देख दाले शोर मचाया। मौके पर जुटे लोगों ने बच्ची की आसपास काफी तलाश की, पर वह नहीं मिली।
आरोपी के घर में मिली लापता बच्ची
काफी खोजबीन के बाद ग्रामीण आधा किलोमीटर दूर सुकसारी टोला तिरूलडीह निवासी मंटू कर्मकार के घर पहुंचे। मंटू पूर्व में कई बार भेड़, बकरी एवं भैंस की चोरी का आरोपी रहा था। इसी संदेह पर ग्रामीण उसके घर पहुंचे। घर में मंटू की मां थी, जिन्होंने बताया कि वह तीन दिन पूर्व अपने एक रिश्तेदार के घर गया है। अभी गांव लौटा नहीं है। पर ग्रामीण जबरन उसके घर में घुस गये। वहां लोगों ने देखा कि बच्ची घर के अंदर बालू के ढेर में गर्दन तक दबी हुई थी, जो बेहोश अवस्था में थी। पास में ही शराब के नशे में मंटू भी सो रहा था। यह देख ग्रामीणों ने आपा खो दिया और मंटू की घर से बाहर लाकर जमकर पिटाई शुरू कर दी।
बच्ची को बेचने के लिए चुराया था
ग्रामीणों का गुस्सा इससे भी शांत नहीं हुआ, तो उन्होंने आरोपी के घर को भी तोड़ डाला। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गयी। घायल मंटू ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त राजेश प्रमाणिक और कालबागुस ने उसे बताया था कि कोई दंपति नि:संतान है, उसे बच्ची या बच्चा चाहिए, जिसके एवज में मोटी रकम मिलेगी। इसी लालच में गुरुवार की रात तीनों ने एक साथ चांडिल में शराब पी और सुकसारी निवासी पारा शिक्षक के घर चले गये। यहां बच्ची को बेहोश किया और उठाकर मंटू के घर ले आये। पुलिस ने घायल मंटू को चांडिल स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।