मेदिनीनगर: झारखंड प्रदेश भाजपा ने मिशन 2019 के तहत पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कमल खिलाने का संकल्प लिया है। इसके तहत प्रदेश के कार्यकर्ताओं को मूल मंत्र दिये जा रहे हैं। मेदिनीनगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति सभागार में शनिवार से शुरू हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में इस बाबत कार्यकर्ताओं को निर्देश दिये गये। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदान सिंह और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को मोदी मंत्र देते हुए योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया। दो दिनी कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन भाजपा प्रदेश कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें बैठक के एजेंडों पर विचार किया गया। रविवार को कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया जायेगा।
कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक में पांच बिंदुओं पर फोकस किया गया। इनमें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, 2019 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारी, पंडित दीनदयाल कार्य विस्तार योजना को जन-जन तक पहुंचाने और पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिये जाने की बात हुई। इसके अलावा धर्मांतरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के मुद्दे को कार्यसमिति में शामिल करने की वकालत हुई। यह भी विचार उभरा कि बांग्लादेशी घुसपैठ के मामले पर भी कोई ठोस रणनीति बने।
सभी सीटों पर फोकस
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कार्यकर्ता अभी से ही मिशन 2019 की तैयारियों में जुट जायें। हमारा अगला लक्ष्य 14 लोकसभा सीटें और 81 विधानसभा सीटें होनी चाहिए। केंद्र की मोदी सरकार ने तीन माह में भारतीय दर्शन चिंतन को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। हम महापुरूष पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन शताब्दी वर्ष मना रहे हैं। इसमें सभी कार्यकर्ता सहयोग करें और इसे अंतिम व्यक्ति तक ले जायें।
छह लोगों ने की मंत्रणा
कोर कमेटी की तरफ से छह लोगों ने विभिन्न विषयों पर मंत्रणा की। इसमें सौदान सिंह, मुख्यमंत्री रघुुवर दास, नीलकंठ सिंह मुंडा, हेमलाल मुर्मू, अनंत ओझा और दीपक प्रकाश शामिल थे। बैठक शुरू होते समय प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और अर्जुन मुंडा नहीं पहुंच पाये थे, लिहाजा हेमलाल मुर्मू ने अध्यक्षता की।
प्रदेश भाजपा कार्यसमिति का मिशन 2019 : मोदी मंत्र पर मंथन
Previous Articleलक्ष्य के अनुरूप नहीं हो सकी धान की खरीदारी : सरयू राय
Next Article विद्यालय निरीक्षण के दौरान गंदगी देख भड़कीं उपायुक्त