नई दिल्ली: कांग्रेस से एमएलए रह चुकी बरखा शुक्ला सिंह भाजपा में शामिल हो गई हैं। उन्हें पार्टी के उपाध्यक्ष और दिल्ली मामलों के इंचार्ज श्याम जाजू ने पार्टी में शामिल किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय गोयल भी मौजूद थे। बरखा सिंह दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
भाजपा ज्वाइन करने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भटक चुका है। बरखा सिंह के मुताबिक उन्हें कांग्रेस ने निकाला है और उसके बाद उन्होंने पार्टी बदली है। उनका कहना था कि कांग्रेस नीचता पर उतर आई है। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की भी तारीफ की।
पिछले मंगलवार को कांग्रेस के सीनियर नेता अरविंदर सिंह लवली ने टिकट बंटवारे से नाराज होकर भाजपा का दामन थामा था। इसके दो दिन बाद बरखा सिंह ने कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। शुक्रवार को पार्टी ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निकाल दिया था।