इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मुख्यमंत्री ने कहा है कि कुछ मुट्ठीभर लोगों के कहने पर बलूच कभी भी भारत का गुलाम नहीं बन सकता। बलूचिस्तान के अंजारा कलात में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नवाब सनाउल्लाह जेहरी ने रविवार को कहा कि बलूच पाकिस्तान में भाइयों की तरह रहते हैं। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान में दुश्मन के एजेंडे के प्रचार में जुटे कुछ मुट्ठीभर लोगों के कहने पर भारत का गुलाम नहीं बन सकता।
इस बात का जिक्र करते हुए पाकिस्तान के अखबार डॉन इस बारे कहा कि विदेशों में बैठे तत्व युवाओं को अपने नापाक इरादों के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आजादी का मापदंड नहीं है। बलूच लेाग समृद्ध और शांतिपूर्ण पाकिस्तान के पक्ष में हैं। यदि संदिग्ध आतंकवादी हिंसा छोड़कर पहाड़ों से नीचे आ जाते हैं तो सरकार द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।
पाकिस्तान भारत पर बलूचिस्तान में आतंकवाद को समर्थन देने का आरोप लगाता रहा है। भारत इन आरोपों को सिरे से खारिज करता रहा है।