पाकुड़: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र की दो चुनावी जनसभाओं में फिर से हेमंत सोरेन और झामुमो पर जमकर तीर चलाये। हिरणपुर प्रखंड के धोवाडांगा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साइमन मरांडी ने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का अपमान किया था। उन्हें धृतराष्ट्र बोलने वाले साइमन को गुरुजी उपचुनाव में टिकट नहीं देना चाहते थे। इसलिए वे अब तक लिट्टीपाड़ा नहीं आये। सीएम ने कहा कि हेमंत सोरेन ने राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए अपने पिता के अपमान को भुला दिया। उन्होंने कहा कि लिट्टीपाड़ा की जनता इसके लिए कभी भी हेमंत सोरेन को माफ नहीं करेगी। सीएम ने कहा कि झामुमो उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए हर हथकंडे अपना रहा है। सालों से उपेक्षा और गरीबी का दंश झेल रही लिट्टीपाड़ा की जनता को विकास के लिए भाजपा के हाथों को मजबूत करना होगा। जनसभा में भाजपा प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू समेत कई नेता मौजूद थे।
झामुमो ने आदिवासियों को धर्म के नाम पर बरगलाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि झामुमो ने सालों तक धर्म के नाम पर राजनीति कर लिट्टीपाड़ा सहित पूरे संथाल की आदिवासी जनता को बरगलाने का काम किया है। सीएम ने कहा कि धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए, लेकिन झामुमो ने ऐसा कर संथाल को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने से रोका है। झामुमो की इस नकारात्मक राजनीति का लिट्टीपाड़ा सहित पूरे संथाल की जनता पर प्रभाव पड़ा है। सालों से संथाल विकास से अछूता रहा, लेकिन भाजपा सरकार में तेजी से संथाल का विकास हो रहा है। साहेबगंज में गंगा पुल, देवघर में एम्स और गोड्डा में प्रस्तावित रेल लाइन इसके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ विकास की दौड़ में बढ़ती जा रही है। लिट्टीपाड़ा में भाजपा की जीत के बाद विकास की राह में पड़ा रोड़ा हट जायेगा और यहां की जनता खुशहाल होगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version