रांची। झारखंड की राजधानी रांची, लोहरदगा और आसपास के इलाकों में दोपहर तीन बजे के बाद तेज हवाओं के झोंकों और बादल के गरजने के साथ बारिश शुरू हो गयी। हालांकि, बारिश ज्यादा तेज नहीं हुई, लेकिन तेज हवाओं के कारण रांची के अरगोड़ा चौक के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया। गनीमत यह रही कि कोई गाड़ी इसकी चपेट में नहीं आयी।
मौसम विभाग ने पिछले दिनों पूर्वानुमान जारी कर कहा था कि शुक्रवार से रांची समेत कई जिलों का मौसम बदलेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। दोपहर बाद रांची में ठंडी हवाओं के साथ बारिश की हल्की फुहारों ने मौसम को सुहाना बना दिया। रामगढ़, बोकारो, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, धनबाद और जामताड़ा जिले में भी जल्द ही मौसम बदलेगा।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुुमान के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और मध्य झारखंड के जिलों में कुछ जगहों पर गर्जन के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। इसमें कहा गया है कि 28 अप्रैल से एक मई तक इन जिलों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। हालांकि, रांची और इसके आसपास के इलाकों में इन दिनों में आंशिक बादल छाये रहेंगे और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में गिरावट ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की जायेगी।
शनिवार के उच्चतम तापमान में एक डिग्री सेंटीग्रेड तक की वृद्धि देखी जायेगी, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा। 29 अप्रैल को उच्चतम तापमान गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस हो जायेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज होगी। 30 अप्रैल और एक मई को उच्चतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री पर स्थिर रहेगा।