आजाद सिपाही संवाददाता
बोकारो। वर्ष 2019 चुनावी समर के लिए तैयार है। देश की तकदीर का फैसला आगामी 12 मई को जनता करेगी। जनता फैसला किसके पक्ष में देगी, यह उसी को तय करना है। वही तय करेगी कि देश की बागडोर किसके हाथो में देगी, उसके हाथों जिसने देश पर 60 वर्षो तक कुशासन किया या उसके हाथ में जिसने आतंकवाद, उग्रवाद से सुरक्षित रखते हए सुशासन लाया। उक्त बातें बोकारो के जैनामोड़ स्थित बांधडीह खेल मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कही। गिरिडीह संसदीय क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी (आजसू) सह मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी के समर्थन में सोमवार को आयोजित एक चुनावी सभा को सीएम श्री दास संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्षो तक इस देश में राज किया, लेकिन इसके बदले जनता को क्या मिला? लेकिन 2014 में हुए चुनाव के बाद देश के 56 इंच वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को स्वाभिमान के साथ जीने की कला सिखाई और परिवारवाद को जड़ से उखाड़ फेंका और जो बच रहा है उसे 2019 में उखाड़कर बंगाल की खाड़ी में फेंक देंगे, क्योंकि भारत किसी की जागीर नहीं है। यहां वही राज कर पायेगा जो गरीबों और देश की रक्षा करने की क्षमता रखता हो। उन्होंने कहा कि 26-11 की घटना से पूरा देश दहल गया था, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने इस किसी तरह की कार्यवाही नहीं की, लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के घर में घुसकर न केवल आतंकवादियो का सफाया किया, बल्कि उसके ठिकानों को भी तहस-नहस कर दिया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास एक दूसरे के पूरक है। प्रधानमंत्री ने देश की बेटी और बहुओं को शाम होने का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन उन्होंने 6 लाख 39 हजार 586 शौचालय का निर्माणकर बहू-बेटियो की इज्जत बचाने का एक महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि दो इंजन वाली सरकार आने वाले समय में 17 लाख गरीबों को गैस व चूल्हा प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब गांव खुशहाल होगा तब ही देश खुशहाल होगा इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान सम्मान योजना न केवल प्रारम्भ की है, बल्कि डीबीटी के माध्यम से पहली किस्त की राशि दो हजार रुपये किसानों के खाते में डाल दिया गया है और राज्य सरकार भी चुनाव आचार सहिंता के बाद प्रति हेक्टेयर पांच हजार रूपया डीबीटी के माध्यम से किसानों के खाते में डालने का कार्य करेगी, ताकि किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक के लिए दूसरे के आगे हाथ फैलाना नहीं पड़े। डबल इंजन वाली सरकार इसी सोच के तहत कार्य कर रही है।
जनता मेरे राम और मैं हनुमान : चौधरी
सभा में एनडीए उम्मीदवार चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि मैं जनता को भगवान श्रीराम मानता हूं और मैं बजरंगबली बनकर सेवा करना चाहता हूं। विधायक जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा कि देश को आगे सिर्फ नरेन्द्र मोदी ही ले जा सकते है। चंद्रप्रकाश को जिताने के लिए जय प्रकाश खड़ा है। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, बिहार व झारखंड प्रभारी मंगल पाण्डेय, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, मंत्री अमर बाउरी, गिरिडीह सांसद रवीन्द्र कुमार पाण्डेय, विधायक नागेन्द महतो, विधायक बाघमारा ढूल्लू महतो, विधायक जानकी यादव, पूर्व मंत्री छत्रुराम महतो, उमाकांत रजक, विधायक राजकिशोर महतो, बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, आजसू के केंद्रीय महासचिव लंबोदर महतो समेत अन्य लोगों ने भी मंच को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा लोकसभा संयोजक भरत यादव ने किया।
‘टाइगर की जगह पिंजरा या जंगल’
सभा में चंद्रप्रकाश ने कहा कि जगरनाथ महतो पर छींटाकशी करते हुए कहा कि डुमरी विधानसभा क्षेत्र को जंगलराज बना दिया गया है, जिसके कारण इस विधानसभा क्षेत्र का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि टाईगर किसी आदमी का नाम नहीं होता है। टाईगर एक जानवर का नाम है। वैसे टाईगर को पिंजरे में या फिर जंगल में रहना शोभा देता है। ऐसे टाईगर को पिंजरे में बंद कर देना चाहिए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version