भोपाल। भोपाल में भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर ने मंगलवार को रोड शो के बाद नामांकन दाखिल किया। उनके रोड शो के दौरान जमकर हंगामा भी मचा। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम आॅफिस में एक एनसीपी कार्यकर्ता को जम कर पीटा। आरोप है कि इस कार्यकर्ता ने रोड शो के दौरान प्रज्ञा को काला झंडा दिखाया। भाजपा कार्यकर्ताओं के चंगुल से पुलिस ने इस शख्स को बचाया। भीड़भाड़ के बीच पुलिस किसी तरह इसे वहां से लेकर गयी। प्रज्ञा ठाकुर के रोड शो में कई नेता जुटे। इस दौरान भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भगवा पगड़ी पहन कर रोड शो में शामिल हुए। रोड शो में शामिल होने के लिए हजारों साधु प्रदेश के कई स्थानों से आये थे। रोड शो के चलते पुराने भोपाल में ट्रैफिक जाम हो गया। नामांकन दाखिल करने के बाद प्रज्ञा ने चुनावी सभा में कहा कि मैं महिला उत्पीड़न का प्रत्यक्ष प्रमाण हूं। मुझे खूब प्रताड़ित किया गया।