Ranchi; लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के लिए झारखंड राजग की बैठक शुुक्रवार को हरमू स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में हुई। इसमें मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावा भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बिरेंद्र प्रधान शामिल हुए। बैठक में संयुक्त प्रचार अभियान चलाने और ठोस रणनीति के तहत राज्य की सभी 14 संसदीय सीटों पर राजग उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का फैसला किया गया।

लोकसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में राजग की बैठक हुई। बैठक में मिशन 2019 के तहत झारखंड की सभी 14 सीटों को जीतने को लेकर रणनीति बनायी गयी। मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि एनडीए का गठबंधन सिर्फ दलों का गठबंधन नहीं, बल्कि यह कार्यकतार्ओं के दिल का गठबंधन है। एनडीए ने यह संकल्प लिया कि हम एकजुट होकर कार्य करेंगे और झारखंड की 14 लोकसभा सीट पर अपनी जीत दर्ज करेंगे। श्री दास ने कहा कि आज एनडीए के बैठक का यही उद्देश्य था। हमारा गठबंधन विश्वास का है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन महामिलावट और उलझन का गठबंधन है। रांची, चतरा और कोडरमा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं किये जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारी चिंता है। जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जायेगी।
जिला और प्रखंड स्तर पर होगी बैठक : मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला स्तर पर एनडीए की बैठक 11 अप्रैल को और 16 अप्रैल को प्रखंड स्तर की बैठक होगी। बैठक में चुनाव को लेकर रणनीति को अमलीजामा पहनाया जायेगा। एनडीए के सभी कार्यकर्ता चुनाव के दौरान होने वाले सभी सभा में मौजूद रहेंगे।
क्योंकि एनडीए के साथियों में असीम ऊर्जा और उत्साह है।
सभी दलों का दिल मिला हुआ है : देवशरण : आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि राजग के सभी दलों का दिल मिला हुआ है। झारखंड में सभी सीटों पर राजग का प्रत्याशी जीतेगा। सभी दलों की समन्वय समिति जिला और प्रखंड स्तर से लेकर बूथ स्तर तक तैयार होगी।
बैठक में थे शामिल : बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, जदयू के संयोजक शैलेंद्र महतो, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, उमाकांत रजक, नौजवान संघर्ष मोर्चा के विकास सिंह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश सहित अन्य उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version