झारखंड में भी कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। राजधानी रांची से राज्य का पहला मामला सामने आया है। मलेशिया की एक महिला में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि महिला को हिंदपिढ़ी से खेल गांव आइसोलेशन में भेजा गया था। अब उसे रिम्स अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
बता दें कि सोमवार को दूसरी बार रांची की मस्जिद से 17 विदेशी पकड़े गए। ये लोग दो गाइड और अन्य भारतीय नागरिकों के साथ हिंदपीढ़ी की मदीना मस्जिद में रुके हुए थे। सभी को खेलगांव स्थित क्वारंटाइन सेंटर में भेजा गया था। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए इनके सैंपल भी लिए गए थे। पकड़े गए लोगों में मलेशिया के 4 पुरुष व 4 महिलाएं, यूके के तीन, गाम्बिया और वेस्टइंडीज के दो-दो तथा हॉलैंड और बांग्लादेश के एक-एक नागरिक शामिल थे। इसी में से एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है।
झारखंड में कोरोना के संदिग्धों की तादाद तेजी से बढ़ी है। सोमवार को पूरे राज्य में 78 नए संदिग्ध सामने आए हैं। एक दिन में इतनी बढ़ी संख्या में संदिग्धों की पहचान पहली बार हुई है। राज्य में अब तक 271 संदिग्धों की जांच की गई, इनमें से 262 की रिपोर्ट निगेटिव रही। नौ की रिपोर्ट प्रतीक्षा में है, इसमें एक की दोबारा जांच होगी।