रांची. झारखंड में सोमवार को कोरोनावायरस का चौथा संक्रमित मरीज मिला। संक्रमित मरीज 54 साल की महिला है, वो रांची के हिंदपीढ़ी इलाके की रहनेवाली है। मरीज के संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे इलाके में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। महिला मरीज शनिवार को रिम्स में जांच कराने पहुंची थी। महिला को आइसोलेशन वार्ड से कोविड-19 आइसोलेशन वार्ड ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। वहीं, महिला के संपर्क में रहने वाले छह संदिग्ध लोगों को भी रिम्स लाया गया है।
स्वाथ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने इसकी पुष्टि की है। यह महिला मरीज हिंदपीढ़ी की ही पॉजिटिव मिली मलेशिया की महिला के डायरेक्ट कांटेक्ट में आई थी। जहां मलेशिया मूल की महिला रह रही थी, उससे तीन घर छोड़ कर इसका घर है। संक्रमित महिला डायलिसिस की मरीज है।