आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। जिला में कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षा व्यवस्था एवं एहतियाती व्यवस्था संधारण के लिए बनायी गयी फ्लाइंग स्क्वायड टीम अब तीन पालियों में काम करेगी। पहले फ्लाइंग स्क्वायड टीम दो पालियों में काम कर रही थी। अब पहला शिफ्ट सुबह छह से दो बजे तक होगा। दूसरी शिफ्ट दोपहर दो से 10 बजे रात तक और तीसरा शिफ्ट रात दस बजे से सुबह छह बजे तक का होगा। इन्हीं तीन पालियों के आधार पर कर्मियों को प्रतिनियुक्त भी की गयी है। डीसी राय महिमापत रे ने बताया कि पूरे शहरी क्षेत्र को अंचलवार चार भागों में बांटा गया है। संबंधित क्षेत्र के अंचल अधिकारी इंसीडेंट कमांडर होंगे। अंचल अधिकारी अपने संबंधित फ्लाइंग स्क्वायड टीम से संपर्क कर आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध करायेंगे।

अंचलवार प्रभारी

शहर अंचल    अंचलाधिकारी सदर प्रकाश कुमार
बड़गांई अंचल     अंचलाधिकारी बड़गांई शैलेश कुमार
हेहल अंचल    अंचलाधिकारी हेहल दिलीप कुमार
अरगोड़ा अंचल  अंचलाधिकारी अरगोड़ा रवींद्र कुमार
आंगनबाड़ी सेविका सहायिका देंगी सूचना

 
प्रत्येक ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी सेविका-सहिया 15 दिनों के अंदर दूसरे देश-राज्य से आये हुए व्यक्तियों की सूचना एएनएम को देंगी। एएनएम इस सूचना को अपने बीडीओ एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को देंगी। बीडीओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आवश्यक कार्रवाई करते हुए जिला नियंत्रण कक्ष को की गी कार्रवाई की सूचना देंगे। शहर अंचल फ्लाइंग स्क्वायड टीम का मुख्यालय एसडीए मिशन हॉस्पिटल बरियातू, बड़गाई अंचल का सदर हॉस्पिटल रांची, हेहल अंचल का सीएचसी डोरंडा तथा अरगोड़ा अंचल का रांची नगर निगम हॉस्पिटल रातू रोड चौराहा निर्धारित किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी सदर-बुंडू अपने क्षेत्र के प्रभार में हैं तथा उप विकास आयुक्त रांची संपूर्ण प्रभार में हैं।

हर टीम में शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मी
हर टीम में एक-दो शिक्षक एवं एक डॉक्टर, एक स्वास्थ्य कर्मी होंगे। शिक्षक के प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी कमला सिंह हैं। डॉक्टर-स्वास्थ्य कर्मी के प्रभारी शशि भूषण खलखो डीआरसीएचओ रांची बनाये गये हैं। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्राप्त सूचना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए नियंत्रण कक्ष को सूचित करेंगे, जो जिला समाहरणालय ब्लॉक ए कमरा संख्या 609 में कार्यरत है। अपर समाहर्ता जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में हैं तथा जिला भू अर्जन पदाधिकारी नियंत्रण कक्ष को आवश्यक सहयोग करेंगी।
फ्लाइंग स्क्वायड टीम के कार्य
फ्लाइंग स्क्वायड टीम कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति के पास पहुंच कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेगी। जिन व्यक्तियों को घर से अलग क्वारेंटाइन रखना है, उसे अलग रखने की व्यवस्था करेगी। जिन्हें घर पर क्वारेंटाइन करना है, उनके हाथ पर होम क्वारेंटाइन का मुहर लगाकर इसकी जानकारी टीम द्वारा दी जायेगी। क्वारेंटाइन की स्थिति में 14 दिनों तक उस व्यक्ति की नियमित रूप से जांच करनी है, 14 दिनों तक यदि स्थिति सामान्य रहे, तो उसे सेल्फ रिपोर्टिंग के लिए अगले 14 दिनों तक निगरानी में रखी जायेगी। इस दौरान किसी भी प्रकार के लक्षण होने पर टोल फ्री नंबर 1950 पर टीम द्वारा सूचना दी जायेगी। फ्लाइंग स्क्वायड टीम आवश्यकतानुसार संबंधित अंचल अधिकारी से सहायता प्राप्त करेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version