- बोकारो की तेलो बस्ती में ही गुरुवार को मिला नया मरीज
आजाद सिपाही टीम
रांची/बोकारो। बुधवार को एक ही दिन में नौ और गुरुवार को बोकारो की तेलो बस्ती में एक और नया कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद झारखंड में मरीजों की संख्या कुल 14 हो गयी, जिनमें बोकारो के साड़म में एक मरीज की मौत हो गयी। झारखंड में कोरोना से यह पहली मौत है। इसके बाद झारखंड के प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गयी है। राज्य में कोरोना के कारण पहली मौत बोकारो के साड़म निवासी 70 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई, जो पहले से ही क्वारेंटाइन में था। उसकी गुरुवार अहले सुबह मौत हो गयी। उसका सैंपल बुधवार शाम को पॉजिटिव मिला था। इधर रांची में पांच और बोकारो में पहले चार और गुरुवार की देर रात एक और कोरोना संक्रमित मरीज के मिलने के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मचा हुआ है। रांची में बुधवार को जिन पांच नये मरीजों की पहचान हुई, ये सभी संक्रमित हिंदपीढ़ी इलाके के हैं, जहां से पहले भी दो संक्रमित मिल चुके हैं। उधर बोकारो की तेलो बस्ती की संक्रमित महिला के परिवार के चार सदस्यों मे बुधवार की देर रात कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, वहीं गुरुवार की देर रात तेलो बस्ती में ही एक और नये मरीज के मिलने से अब झारखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 14 हो गयी है।
इलाज शुरू होने से पहले हुई मौत
साड़म के 70 वर्षीय बुजुर्ग को चार अप्रैल को निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत की वजह से बोकारो के जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां उसे आइसोलेशन में रखा गया था और जांच के लिए सैंपल रिम्स भेजा गया था। बुधवार को ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। उसका औपचारिक इलाज शुरू होता, इससे पहले ही उसकी मौत हो गयी। उसकी कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं थी। प्रशासन की टीम गुरुवार सुबह साड़म पहुंची। आसपास के इलाकों को सैनिटाइज किया गया।
सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक ने बताया कि बुजुर्ग की तबीयत खराब थी और उसे बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुजुर्ग की मौत के बाद से पूरे जिले में हड़कंप मच गया। बेरमो एसडीएम प्रेमरंजन, गोमिया सीओ सह प्रभारी बीडीओ ओमप्रकाश मंडल, सर्किल इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, थाना प्रभारी विनय कुमार, सीआइ सुरेश प्रसाद बर्णवाल आदि सुबह दलाल टोला पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने मृतक के सात परिजनों और उनके संपर्क में आये 11 लोगों का सैंपल लेकर रिम्स भेज दिया।
झारखंड में हड़कंप
गुरुवार को कोरोना संक्रमण का एक और नया मामला सामने आने के बाद झारखंड में हड़कंप मच गया है। रांची के हिंदपीढ़ी और बोकारो के तेलो बस्ती को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
222 जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा
कोरोना बुलेटिन में कहा गया है कि गुरुवार शाम तक 222 सैंपलों की रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। गुरुवार को 124 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे गये। अब तक कुल 1439 सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है, जिनमें 1204 निगेटिव पाये गये और 222 की प्रतीक्षा है। बुलेटिन में राज्य में 13 सक्रिय मामले होने और एक मौत होने की पुष्टि की गयी है। राज्य में कुल एक लाख 29 हजार 285 लोगोें को होम क्वारेंटाइन में, जबकि 15 हजार 951 को विभिन्न केंद्रों में क्वारेंटाइन किया गया है। इसके अलावा 2316 ऐसे लोगों की निगरानी की जा रही है, जिन्होंने पिछले दिनों यात्राएं की हैं।
झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या 14, बोकारो में एक की मौत
Previous Articleलॉकडाउन पर समय के अनुरूप फैसला : हेमंत
Next Article 38 विदेशी मौलानाओं के खिलाफ एफआइआर
Related Posts
Add A Comment