एक और विदेशी तबलीगी पॉजिटिव, आइपीएस के पिता की मौत
• हिंदपीढ़ी की मस्जिद से पकड़ा गया था त्रिनिदाद का युवक, रिम्स भेजा गया
• रांची के अस्पताल से गुड़गांव में शिफ्ट हुए थे बरियातू निवासी पूर्व डीडीसी

आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड में तबलीगी जमात से जुड़े लोगों में कोरोना संक्रमण का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को एक और विदेशी तबलीगी को कोरोना संक्रमित पाया गया है। उसे 29 मार्च को हिंदपीढ़ी की मस्जिद से निकाला गया था और खेलगांव स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। इधर रांची में कोरोना संक्रमित एक पूर्व डीडीसी की गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मौत हो गयी। उन्हें ब्रेन हेमरेज के कारण तीन दिन पहले रांची से दिल्ली ले जाया गया था। वह बरियातू इलाके में रहते थे।
राजधानी में कोरोना हॉटस्पॉट बन चुके हिंदपीढ़ी से कोरोना संक्रमित एक और मरीज मिला है। यह युवक त्रिनिदाद का रहनेवाला है और तबलीगी जमात से जुड़ा है। वह 16 मार्च को रांची आया और हिंदपीढ़ी की मस्जिद में छिप कर रह रहा था। वहां से 29 मार्च को निकाल कर उसे खेलगांव स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। पहली बार जांच में उसका सैंपल निगेटिव आया था, लेकिन शनिवार को दूसरी जांच रिपोर्ट में उसे पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसे रिम्स स्थित कोविड-19 अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इसके साथ ही रांची में कोरोना संक्रमितों की संख्या 19 हो गयी है। इनमें से 18 हिंदपीढ़ी इलाके के हैं।
मलेशियाई महिला ही पहली मरीज
बता दें कि झारखंड में कोरोना का पहला मामला 31 मार्च को सामने आया था, जब हिंदपीढ़ी में छिप कर रह रही मलेशिया की एक महिला को संक्रमित पाया गया था। वह महिला भी तबलीगी जमात से जुड़ी थी। उसे भी 29 मार्च को बाहर निकाल कर खेलगांव के क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। फिलहाल वह रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में है और उसकी तीसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है।
बरियातू निवासी पूर्व अधिकारी की मौत
इस बीच बरियातू थाना क्षेत्र के जोड़ा तालाब के पास एक अपार्टमेंट में रहने वाले एक रिटायर्ड डीडीसी कोरोना पॉजिटिव पाये गये। उनके पुत्र आइपीएस अधिकारी हैं। शनिवार शाम उनकी गुड़गांव स्थित अस्पताल में मौत हो गयी। तीन दिन पहले उन्हें एयर एंबुलेंस से गुड़गांव ले जाया गया था। ब्रेन हेमरेज होने के कारण 31 मार्च को उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उनका इलाज रांची के दो और अस्पतालों में किया गया। उसके बाद उन्हें गुड़गांव ले जाया गया था। शनिवार को ही उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी और कुछ देर बाद ही उनका निधन हो गया। इसके बाद से रांची के उन तीनों अस्पतालों और अपार्टमेंट में हड़कंप मचा हुआ है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version