आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। पिछले 24 मार्च को तमाड़ की रड़गांव मस्जिद से मिले 11 विदेशियों को शनिवार को जेल भेज दिया गया। ये सभी तबलीगी जमात से जुड़े हैं और 25 दिन से मुसाबनी के क्वारेंटाइन सेंटर में रखे गये थे। इनमें कजाकिस्तान, किर्गिज गणराज्य और चीन के नागरिक शामिल थे। जेल भेजने से पूर्व सबों की केंद्राडीह स्वास्थ्य केंद्र में जांच की गयी। सबों की कोरोना जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आयी है। जादूगोड़ा थाना में इन 11 लोगों के खिलाफ वीजा एवं लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस को जांच के बाद पता चला कि ये लोग टूरिस्ट वीजा पर भारत आकर धर्म का प्रचार कर रहे थे। इनके द्वारा लॉकडाउन का भी उल्लंघन किया गया है। इसके बाद इन पर सात अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। जेल भेजे जानेवालों में किर्गिज गणराज्य के गुलोमिद्दीन अब्दुलेव, झनारबेक साइनालिव, रुस्तम और इसलानबेक नुरगाजेव, कजाकिस्तान के जाकिर, इलियास, इस्मायल और शाकिर के अलावा चीन के देहिया ये, मेयरली मा और मेनाई मा शामिल हैं।