आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के बड़े उद्योगों से अनुरोध किया है कि आपदा की इस घड़ी में वे अपने श्रमिकों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करने के अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को निभायें। हमारे श्रमिक बोझ नहीं बल्कि लक्ष्मी हैं। इन कर्मवीरों को आज आपके सहयोग की आवश्यकता है। मुझे उम्मीद है कि आप सब अपनी जिम्मेदारी पूरी करेंगे।
वृद्ध की मदद करें
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन जामताड़ा को बीमार वृद्ध महिला को अविलंब मदद पहुंचाते हुए सूचित करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री को जामताड़ा निवासी ने बताया कि 90 वर्षीय उनकी दादी जामताड़ा में गंभीर रूप से अस्वस्थ है। उनका पारिवारिक डॉक्टर भी अस्वस्थ हैं और उनका नर्सिंग होम बंद है। उन्हें तत्काल चिकित्सक और आॅक्सीजन की जरूरत है।
हरियाणा के सीएम से मदद पहुंचाने का आग्रह
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से गढ़वा के 50 मजदूरों को मदद पहुंचाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृपया झारखंड के इन श्रमिकों की मदद करें। इस महामारी की घड़ी में झारखंडियों को दिये गये आपके मदद के लिए सदैव आभारी रहूंगा। मुख्यमंत्री को जानकारी दी गयी कि गढ़वा जिले के 50 मजदूर गुड़गांव, हरियाणा में लॉकडाउन की वजह से फंसे हैं। इन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डीलर के खिलाफ कार्रवाई करें
मुख्यमंत्री ने उपायुक्त देवघर को निर्देश देते हुए कहा कि देवीपुर प्रखंड की पंचायत बाघमारी में राशन वितरण में हुई गड़बड़ी की जांच करें। आरोप में सत्यता पाये जाने पर डीलर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सूचना दें। मुख्यमंत्री को जानकारी दी गयी कि देवघर के देवीपुर प्रखंड स्थित बाघमारी के राशन डीलर द्वारा निर्धारित वजन के अनुरूप राशन नहीं दिया जाता है। डीलर ने कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में गरीबों का एक महीना का राशन गबन कर लिया। राशनकार्डधारियों से बलपूर्वक अंगूठा भी लगवा लिया है।
ईस्टर की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने देश एवं झारखंडवासियों को ईस्टर की बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा आइये, हम जाति-धर्म और पंथ के भेदभाव के बिना सभी के प्रति सद्भावना रख ईस्टर मनायें। प्रार्थना करें कि परमेश्वर हमें कोरोना वायरस के संक्रमण से लड़ने की शक्ति दें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version